बिनावर (बदायूं)। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव रहमा की मुराव गौंटिया निवासी 40 वर्षीय इशाक की कुछ लोगों ने अपने घर बुलाकर हत्या कर दी। फिर शव चादर में बांधकर खेत में फेंक दिया। एसएसपी समेत अफसरों ने फोरेंसिक टीम के साथ मुआयना किया। अबरार अली गांव में पशुओं का इलाज करता था। हत्या अवैध संबंधों में होना बताई गई। पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर महिला समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली गई है।
बिनावर के गांव रहमा मुराव गौंटिया निवासी इशाक शुक्रवार रात से लापता था। शनिवार सुबह लोगों ने इशाक के चाचा मुन्ने अली के खेत में रखी एक चादर की गठरी देखी। देखा तो इशाक का शव चादर में बंधा था। सूचना पर इशाक के परिवार के लोग पहुंचे। पत्नी साहबजाना ने शव की पहचान कर ली। शव पर चोट के निशान थे। साथ ही गला दबाने जैसा भी निशान था।
सबसे पहले एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, सीओ सिटी आलोक मिश्रा व एसओ रविकरण के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। बाद में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह भी पहुंच गए। हत्या की तहरीर मृतक इशाक की पत्नी साहबजाना ने गांव के ही तीन लोगों व एक महिला के खिलाफ दी। बताया कि महिला से उसके पति की दोस्ती थी, इसलिए उसे शक है कि इनके परिवार के लोगों ने ही उसके
पति की हत्या की है। पुलिस ने थोड़ी ही देर में महिला समेत चारों को हिरासत में ले लिया। इनमें महिला का पति व पति के दो भाई शामिल थे। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो इन लोगों ने हत्या की बात कबूल कर ली।
बताया कि महिला से संबंधों की वजह से उन्होंने हत्या की है। शुक्रवार रात इशाक को बहाने से कॉल करके घर पर बुलाया। घर में ही हत्या करके उसके शव को चादर की गठरी में बांधकर मुन्ने अली के खाली खेत में फेंक दिया। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इन्हें रविवार को जेल भेजा जाएगा।
-
बिनावर थाने के रहमा गांव में युवक की हत्या करके शव खेत में फेंका गया था। परिवार ने अवैध संबंधों में हत्या का शक जताकर रिपोर्ट कराई है। इसी आधार पर महिला व उसके पति समेत चार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। - डॉ. ओपी
सिंह, एसएसपी
---------------
सुबूत मिटाने को हत्यारों ने मोबाइल तक जला डाला
बिनावर। रहमा के मुराव गौंटिया गांव में हुई इशाक की हत्या के मामले में हत्यारोपियों ने होशियारी दिखाते हुए अपने बचने के सब जतन किए पर जाल में फंसते ही चले गए। उन्होंने इशाक का मोबाइल तक जला डाला था पर सुराग मिलने के बाद दो युवा अफसरों ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर भी ढेरों साक्ष्य जुटा लिए जो आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए काफी हैं।
इशाक की हत्या पोस्टमार्टम में गला घोंटने की वजह से होना पुष्ट हुई। शरीर पर चोट के निशान भी थे जिससे साबित हुआ कि हत्यारोपियों ने उसे किसी खास रंजिश से मारा है। मौके पर पहुंचे दो युवा अधिकारी एसपी सिटी प्रवीन
सिंह चौहान व सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने शुरू में ही भांप लिया कि हत्या की वजह प्रेमप्रसंग जैसा कुछ है। इशाक के मोबाइल पर कॉल नहीं जा रही थी। बाद में पता लगा कि उसे जलाकर नष्ट कर दिया गया है। इस बीच दबी जुबान से गांव वालों ने इशारा दिया तो दोनों अफसरों ने इशाक की पत्नी से ही अलग में पूछताछ कर ली।
उसने एक महिला का नाम लेकर बताया कि तीन दिन पहले ही उसकी हरकतें देखकर काफी देर बात की थी। उससे कहा था कि सुधर जाओ, कुछ ऊंच नीच हो गई तो दो परिवार तबाह हो जाएंगे। पत्नी ने शक जताया कि शायद उसी
महिला ने कॉल करके उसके पति को बुलाया होगा। सर्विलांस से मिले रिकॉर्ड ने इसकी पुष्टि की। इसके बाद अधिकारियों ने बरेली से डॉग स्कवॉड बुलाया। डॉग भी उसी घर पर जाकर ठहरा तो संभावना और बढ़ गई। इससे पहले गांव वाले इशारा दे चुके थे कि जिस चादर में शव बंधा है वह उसी परिवार का है। शुरू में आरोपी महिला व पुरुषों ने खुद को बेगुनाह बताकर फंसाने का आरोप लगाया पर सुबूत मिलते गए तो वह जुबान खोल बैठे। इसी तरह फोरेंसिक टीम ने भी ऐसे कई साक्ष्य खोज लिए जिनसे सटीक खुलासे की डगर आसार हो गई। बिनावर पहुंचे एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने भी तत्परता और सूझबूझ से किए गए खुलासे पर दोनों अफसरों समेत पुलिस टीम को शाबासी दी। संवाद