उसहैत (बदायूं)। कस्बा निवासी तौफीक की हत्या के मामले में आखिरकार थाना पुलिस बैकफुट पर आ ही गई। पुलिस ने हत्याकांड को आत्महत्या का रूप देने का काफी प्रयास किया था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं बदल सकी। एक सप्ताह बाद पुलिस ने उसके पांचों दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
विगत 22 जुलाई को 16 वर्षीय तौफीक पुत्र तहजीब अपने सात दोस्तों के साथ भुंडी गंगा घाट की ओर गया था लेकिन रास्ते में दो दोस्तों की बाइक पंक्चर हो गई थी, जिससे वह रास्ते से लौट आए थे। घटना के बाद पांच दोस्त गंगा घाट से फरार हो गए थे। देर रात तक तौफीक अपने घर नहीं लौटा तो परिवार वालों को चिंता हुई और उन्होंने उसके दोस्तों को तलाश किया लेेकिन कोई दोस्त अपने घर पर नहीं मिला। उन्होंने अपने परिवार वालों को बता दिया था कि तौफीक गंगा में डूब गया है। दोस्तों के परिवार वालों के मुताबिक तहजीब ने गंगा नदी में तलाशी कराई। दूसरे दिन शाम को उसका शव बरामद हो गया। तीसरे दिन शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसकी रिपोर्ट में तौफीक की गला दबाकर हत्या बताई गई थी। उसके साथ मारपीट की भी पुष्टि हुई थी। तब से लेकर थाना पुलिस आत्महत्या की बात कहते हुए परिवार वालों को टहला रही थी। मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा और उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखी। जिस पर शनिवार देर रात तौफीक के पांचों दोस्तों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।