बदायूं/बिसौली। गल्ला व्यापारी अवनीश गुप्ता के 18 वर्षीय बेटे विवेक गुप्ता अपहरण हत्याकांड के मुख्य आरोपी विशेष सिंह उर्फ बंपी को लेकर पुलिस टीम सोमवार रात तक बदायूं पहुंच सकती है। दरअसल, पुलिस टीम को बंगलूरू से फ्लाइट पकड़नी था। फ्लाइट छूटने की वजह से अब उसको ट्रेन से लाया जा रहा है।
बिसौली के गांव निजामुद्दीन शाहपुर के अवनीश गुप्ता के पुत्र विवेक गुप्ता का 11 अगस्त को गांव के ही विशेष सिंह उर्फ बंपी ने अपने रिश्ते के भतीजे अर्जुन के साथ मिलकर अपहरण कर लिया था। विवेक की हत्या कर शव घर में दफन करने के बाद अवनीश गुप्ता से 15 लाख रुपये फिरौती मांगी थी। पुलिस ने 13 दिसंबर को विवेक का कंकाल बरामद कर लिया था। इसी दिन विशेष सिंह की लोकेशन कर्नाटक के कोपल जिले में ट्रेस हो गई। यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने कर्नाटक के डीजीपी से बात की। इसके बाद कर्नाटक पुलिस ने विशेष को गिरफ्तार कर लिया था। उसी रात एसआई सत्यपाल और राजेंद्र को उसे लाने कोपल भेज दिया था। पुलिस टीम फ्लाइट से गई थी। शनिवार को कोपल जिला अदालत से विशेष की ट्रांजिट रिमांड बदायूं पुलिस को मिल गई। पुलिस को आरोपी विशेष के साथ फ्लाइट से आना था लेकिन फ्लाइट छूट गई। रविवार सुबह करीब छह बजे पुलिस टीम ने हैदराबाद से ट्रेन पकड़ी है। इंस्पेक्टर पंकज लवानिया ने बताया कि सोमवार रात तक पुलिस टीम के मुख्य आरोपी को लेकर पहुंचने की उम्मीद है।