बदायूं। बिनावर थाना पुलिस ने राम सिंह के हत्यारों को चौबीस घंटे के अंदर खोज निकाला। पुलिस ने सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उसके बाद उन्हें जेल भेज दिया। चारों आरोपी हत्या के बाद फरार हो गए थे।
15 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे थाना क्षेत्र के ग्राम शेरगंज बिछुरैया निवासी राम सिंह का शव खेतों में एक पेड़ पर लटका मिला था। परिवार वालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई थी। इस पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। सोमवार को कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राम सिंह की हत्या गला दबाकर बताई गई थी। परिवार वालों ने पुलिस को बताया था कि कल्लू और उसके बेटे विजयकुमार, अरुण और बुधपाल पुत्र जयपाल उसके खेत से जबरिया पानी निकालना चाह रहे थे। राम सिंह इसका विरोध कर रहा था। इससे आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी। रविवार रात उसकी हत्या कर दी और शव को फंदे पर लटका दिया। तभी से पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही थी। मंगलवार को बिनावर एसओ हरिभान सिंह राठौड़ को सूचना मिली कि हत्यारोपी चंदौरा मोड़ पर छिपते छिपाते घूम रहे हैं। इस पर उन्होंने अपनी टीम एसआई जीत सिंह, सिपाही अनिल सिंह, मनवीर सिंह, अजीत कुमार और प्रमोद कुमार के साथ घेराबंदी कर दी। पुलिस ने चारो को दबोच लिया। उसके बाद उन्हें थाने लाया गया। कार्रवाई के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।