बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांव में दो विवाहिताओं की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल वालों ने एक विवाहिता का अंतिम संस्कार कर दिया। मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी अस्थियां कब्जे में ली हैं। वहीं दूसरी विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गुरुवार रात बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अपगना परवेज नगर निवासी रेखा (25) पत्नी जितेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इधर, शुक्रवार दोपहर सूचना पर पहुंचे रेखा के मायके वालों ने उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने गांव के बाहर खेत में जलाई गई महिला की चिता से अस्थियां बटोर लीं। बिल्सी क्षेत्र के ग्राम ढडूमर निवासी मायके वालों का आरोप है कि रेखा की शादी एक साल पहले हुई थी। दहेज के लालची ससुराल वालों ने रेखा की हत्या कर दी और शव को जला दिया। मायका पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
दूसरी घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हर्ररायपुर की है। गुरुवार रात गीता (25) पत्नी अनिल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना पर गीता के मायके वाले भी पहुंच गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। जिस पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता मेहरवान निवासी ग्राम बिहारीपुर थाना भमोरा (बरेली) ने बताया कि उन्होंने गीता की शादी करीब तीन साल पहले की थी। उसके एक बेटी भी है। ससुराल वालों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी है। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वास दिया है।