फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: लोगों की सेहत सुधारेगी पालिका, चिकित्सक बताएंगे दवा और योग कराएंगे योगाचार्य

विज्ञापन
(01 बीडीएन-21)जिला कारागार में योगा करते बंदी।(फाइल फोटो)
विज्ञापन
- नगर पालिका और आयुष विभाग मिलकर सार्वजनिक पार्कों में करेंगे व्यवस्था
विज्ञापन

- योग के माध्यम से भी रोग किए जाएंगे दूर, पहले चरण में तीन पार्कों का होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहरवासियों की सेहत सुधारने के लिए नगर पालिका सार्वजनिक पार्कों में नियमित तौर पर शिविर लगाएगी। यहां आयुष, यूनानी व होम्योपैथिक चिकित्सक लोगों को उनके स्वास्थ्य का हाल बताएंगे तो योगाचार्य योग के माध्यम से रोग दूर कराएंगे। नगर पालिका ने आयुष विभाग से समझौता कर इस काम की शुरुआत कर दी है। इसके लिए शहर के तीन पार्कों को चिह्नित किया गया है। पहले चरण में यहां आयुष चिकित्सक और योगाचार्य जन सामान्य का स्वास्थ्य बेहतर करने का कार्य करेंगे।
भागदौड़ भरी जिंदगी में अधिकांश लोग तनाव से जूझ रहे हैं तो बीमारियां भी लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं। ऐसे में अधिकांश लोग अंग्रेजी दवाओं के भरोसे ही रहते हैं और उनके आदी हो जाते हैं। वर्तमान में आयुष चिकित्सा पद्धति को भूलते जा रहे हैं। वाहन और दफ्तरों में कुर्सी पर बैठने के अलावा व्यायाम न करने की वजह से बीमारी बढ़ती जा रही हैं। सबसे ज्यादा सर्वाइकल, घुटनों में दर्द, ब्लड प्रेशर और शुगर के मरीज बढ़ रहे हैं। ऐसे में अब शहर में आयुष चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के साथ ही नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पार्कों में योग शिविर लगाए जाने की तैयारी की जा रही है।
विज्ञापन


इस तरह सुधारी जाएगी लोगों की सेहत
पार्कों में लगने जा रहे शिविरों में आयुष पद्धति के चिकित्सक मौजूद रहेंगे। यूनानी, होम्योपैथिक के चिकित्सक भी रहेंगे। वह शिविर मेें आने वाले मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक व यूनानी दवाओं के बारे में बताएंगे। मर्ज के हिसाब से दवाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। ऐसे में घरेलू नुस्खे भी बताए जाएंगे ताकि लोग अपने घरों पर ही अपना इलाज कर सकें। इसके बाद उनको योगा कराया जाएगा।

दो शिफ्टों में लगेंगे शिविर, पालिका कराएगी इंतजाम
शहर के गांधी ग्राउंड, आंबेडकर पार्क, वाटर वर्क्स रोड स्थित पार्क को चयनित किया गया है। अप्रैल से सितंबर तक सुबह सवा छह बजे से सात बजे तक सभी आयुष चिकित्सक नब्ज देखकर इलाज करेंगे। इसके बाद सवा सात से आठ तक योग कराया जाएगा। इसी तरह से यही समय शाम से शुरू होगा। पार्कों में पालिका की ओर से नागरिकों के बैठने के लिए कुर्सी, चिकित्सकों के लिए कुर्सी मेज, योगा मैट, माइक उपलब्ध कराया जाएगा। योग सीखने वालों को प्रेरित किया जाएगा कि वह अपना योगा मैट लेकर आएं।

सिर्फ खास दिवस पर ही होता है योग
शहर में नियमित तौर पर योग सार्वजनिक स्थानों पर नहीं कराया जाता है। योग सिखाने वाले अपने स्थानों पर ही योग सिखाते हैं। ऐसे में अगर कोई खास दिवस होता है तो यहां सार्वजनिक स्थानों पर निशुल्क योग शिविर का आयोजन किया जाता है। हालांकि अब पार्कों में लगाए जाने वाले शिविर में नगर पालिका को एक महिला योग शिक्षक मिल चुकी है तो आयुष विभाग की ओर से एक आयुष चिकित्सक भी मिल चुके हैं। महिला योग शिक्षक महिलाओं को योगा सिखाएंगी। पुरुष योगाचार्य की तलाश की जा रही है।

आयुष चिकित्सा पद्धति, योग को बढ़ावा देने के साथ ही जन सामान्य का बेहतर स्वास्थ्य करने के लिए सार्वजनिक पार्कों में नियमित शिविर लगाया जाएगा। शिविर में योगाचार्य के साथ-साथ आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथिक चिकित्सक रहेंगे। यह सेवा निशुल्क रहेगी। हमने शिविर लगवाए जाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विज्ञापन

- डॉ. दीप कुमार, ईओ नगर पालिका परिषद

शरीर स्वस्थ रखने के लिए नियमित करें योग
भागदौड़ भरे जीवन में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग प्राणायाम और ध्यान ही रामबाण औषधि है। व्यक्ति निरंतर योग प्राणायाम के द्वारा अपने शरीर को पूर्ण रूप से स्वस्थ रख सकता है। योग आसन के द्वारा हम अपनी जीवनशक्ति को बढ़ाते हैं। योग के माध्यम से महिलाओं में और पुरुषों में होने वाली अनेक समस्याएं सर्वाइकल, डिस्क स्लिप, घुटने का दर्द, पेट से संबंधित कब्ज, अपच, शुगर, किडनी, हृदय की समस्या, लिवर की समस्या को आसानी से ठीक किया जा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम 40 से 50 मिनट तक योगाभ्यास करना चाहिए।
- मयंक, योगाचार्य

(01 बीडीएन-21)जिला कारागार में योगा करते बंदी।(फाइल फोटो)

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें