- मुख्य बाजार और सिविल बार भवन समेत चार स्थान चिह्नित किए गए
- वर्तमान में शहर में पालिका ने बनवाए हुए हैं 12 सार्वजनिक शौचालय
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। नगर पालिका प्रशासन शहर में सार्वजनिक शौचालय बनवाएगा। इसके लिए मुख्य बाजार और सिविल बार भवन समेत चार स्थान भी चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों के आसपास अभी कोई शौचालय नहीं है। शौचालय बनने से काफी परेशानी दूर हो जाएगी।
शहर में नगर पालिका प्रशासन के 12 सार्वजनिक शौचालय बने हैं। नगर पालिका प्रशासन शहर में सार्वजनिक शौचालय बनवाएगा। बावजूद इसके कई स्थान ऐसे हैं, जहां सार्वजनिक शौचालय नहीं हैं। उनमें बड़ा बाजार, मंडी समिति के नजदीक, मालवीय आवास और सिविल बार भवन ऐसे स्थान हैं, जो काफी भीड़भाड़ वाले स्थान हैं। यहां सुबह से लेकर शाम तक भीड़ लगी रहती है। लोगों को इस इलाके में लघुशंका और दीर्घशंका की सबसे बड़ी दिक्कत रहती है। इन तमाम समस्याओं को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार सिंह और नगर पालिका ईओ दीप कुमार वार्ष्णेय ने इन इलाकों में सार्वजनिक शौचालय बनवाने की योजना बनाई है। फिलहाल इन चारों स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय बनवाए जाएंगे। सिटी मजिस्ट्रेट और नगर पालिका प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारियां कर ली हैं। इसका प्रस्ताव भी बना लिया गया है। जल्द ही इनकी शुरुआत करा दी जाएगी।
इन इलाकों में हैं सार्वजनिक शौचालय
शहर में कुल 12 सार्वजनिक शौचालय हैं। इनमें तहसील, कोतवाली, सिविल लाइंस, महिला थाना, गांधी ग्राउंड, एसके इंटर कॉलेज के सामने, नगर पालिका, सिंगलर स्कूल के पास, घंटाघर, वॉटर वर्क्स और डीएम चौराहे के नजदीक शौचालय बने हैं।
कचहरी पर एक लघुशंकालय भी बनेगा
नगर पालिका प्रशासन ने कचहरी पर एक लघुशंकालय बनाने की भी योजना बनाई है। यहां लघुशंका के लिए भी लोगों को काफी परेशानी होती है। अभी पुरुषों के लिए लघुशंकालय बनाने का विचार है। इसकी भी तैयारी हो गई है।
शहर में कुछ जगह चिह्नित की गई हैं, जहां सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएंगे। नगर पालिका की ओर से इसका प्रस्ताव आया है। अभी इसकी तैयारी चल रही है। जल्द ही इनका निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
- ब्रजेश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट