उघैती। क्षेत्र के सराय जसु गांव में करीब 36 घंटे से हो रही लगातार बारिश के बीच रविवार को एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में दबने से तीन गायों की मौत हो गई। वहीं एक गाय और एक भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मकान के साथ दुकान और खेती को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। जनहानि कोई नहीं है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
सीवीओ प्रेेम सिंह कोहली ने बताया कि मृत गायों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मृत पशुओं को दफना दिया गया। उधर, राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और बारिश से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक क्षति का ब्योरा तैयार कर रिपोर्ट शासन को भेजने की कार्रवाई की जा रही है।