उझानी प्रीमियर लीग पर एमआरएस ग्रुप का कब्जा
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में चल रहे हरीश अनेजा मेमोरियल टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला एमआरएस ग्रुप के नाम रहा। एमआरएस ने रोटरी क्लब उझानी क्लॉसिक को 29 रन से हराया। टीम के आशू तोमर ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पाया। एसडीएम सदर जंगबहादुर यादव और अनेजा ग्रुप के डायरेक्टर रिषभ अनेजा ने विजेता टीम को एक लाख रुपये का चेक भेंट किया। उप विजेता को 70 हजार का चेक मिला। पुरस्कार वितरण समारोह आतिशबाजी से गूंज उठा।
एमजीपी कॉलेज के मैदान पर बुधवार दोपहर को शुरू खिताबी मुकाबले में रोटरी क्लब ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। एमआरएस ग्रुप ने बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरूआत की। आशू तोमर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 65 रन के सहयोग से टीम को 152 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। जवाब में रोटरी क्लब की टीम ने भी बल्लेबाजी से दर्शकों की तालियां बटोरीं लेकिन टीम लक्ष्य से 29 रन पहले से सिमट गई। रोटरी के बाबू चौधरी ने 56 और शिवकुमार राठी ने 18 रन का सहयोग किया लेकिन अन्य बल्लेबाज ज्यादा असरदार नहीं दिखे। एमआरएस ग्रुप की जीत के साथ ही खिलाड़ी खुशी के मारे उछल पड़े। फ्रेंचाइजी संजय गुप्ता और अमित माहेश्वरी भी टीम के खिलाड़ियों के साथ जश्न में सराबोर हो गए। विजेता टीम के आशू तोमर को मैन ऑफ मैच, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जुनैद और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार आकाश को मिला। एसडीएम सदर जंगबहादुर यादव, अनेजा ग्रुप के डायरेक्टर रिषभ अनेजा और अमरपाल सिंह रोंपी ने विजेता टीम कप्तान समेत खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विजेता टीम को एक लाख रुपये का चेक भी मिला। टूर्नामेंट चेयरमैन राजन मेंदीरत्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। पुरस्कार वितरण समारोह में रोटरी के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, ईओ संजय कुमार तिवारी, डॉ. रिजवान अहमद, जयपाल थरेजा, इसरार खलीफा, विनोद गुप्ता, आरफीन बदर, इकबाल, अजीम, मीरा यादव, अनमता खान और चांद मोहम्मद आदि मौजूद थे।