वैन में लगी आग के संबंध में पीड़ित बंटी से जानकारी जुटाती पुलिस। संवाद
- फोटो : मेडल व प्रमाण पत्र के साथ खिलाड़ी व मुख्य अतिथि।
कुंवरगांव। गांव दुगरैया निवासी बंटी पुत्र ऊदल की वैन शुक्रवार दोपहर देखते ही देखते आग का गोला बन गई। इससे अफरातफरी मच गई।
थाना क्षेत्र के दुगरैया गांव निवासी बंटी अपनी वैन लेकर घर से आंवला-बदायूं रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी राहगीर ने आवाज देकर उन्हें बताया कि उनकी गाड़ी में आग लग गई है। यह सुनते ही बंटी ने तत्काल गाड़ी को डाकघर के सामने पेड़ के नीचे रोक दिया और बाहर निकल आए। इसी बीच वहां से गुजर रहे गांव के रोहित शंखधार ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वैन पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान सड़क पर गुजर रहे राहगीरों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। पीड़ित बंटी ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं और कुछ दिन पहले ही गांव आए थे। वैन अधिकतर घर पर ही खड़ी रहती थी। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि वैन में आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण तकनीकी खराबी प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद