बदायूं। पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को वामा सारथी उप्र पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से पुलिस परिवारजनों के कल्याण के लिए बच्चों व युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उज्ज्वल भविष्य के लिए कॅरियर काउंसलिंग शिविर लगा। इसमें एकाग्रता बढ़ाने, स्वस्थ रहने व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के संबंध में प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया। साथ ही बच्चों, युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस लाइन सभागार में हुए कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जिला विज्ञान क्लब बदायूं के समन्वयक विवेक जौहरी ने कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा आठ पास करने के बाद शीघ्र ही रोजगार प्राप्त करने के लिए आईटीआई प्रशिक्षण लेने और अच्छे रोजगार प्राप्त करने के बारे में सोचना चाहिए।
कक्षा नौ और 10वीं की पढ़ाई करने के बाद जीटीआई करने, डॉक्टर बनने के लिए कक्षा 11वीं व 12वीं में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान विषय के साथ पढ़कर नीट की परीक्षा दे सकते हैं। इंजीनियर बनने के लिए कक्षा व 11वीं व 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ विषय को तैयार करके जेईई परीक्षा दे सकते हैं।
चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने या बैंकर बनने के लिए वाणिज्य विषय में अध्ययन करने की सलाह दी। विवेक जौहरी ने कहा कि आप पढ़ लिखकर अच्छे डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी बने, लेकिन इससे पहले एक अच्छे इंसान बने।
अपने कर्तव्य को ईमानदारी के साथ निभाते हुए मानवता के कल्याण के लिए कार्य करते रहें। पुलिस मॉडर्न स्कूल बदायूं के प्रधानाचार्य शैलेंद्र बत्रा ने विद्यार्थियों को पैरामेडिकल कोर्सेज के बारे में भी विस्तार से समझाया। कार्यक्रम का संचालन नीलम ने किया व अध्यक्षता प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने की।