बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर सिद्धपुर चित्रसेन स्थित कोल्ड स्टोर के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बिल्सी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव सतेती निवासी अतुल कुमार जैन अपनी मां निर्मला जैन के साथ बाइक से बिल्सी से गांव लौट रहे थे। बताया गया कि सिद्धपुर चित्रसेन कोल्ड स्टोर के सामने से आ रहे दूसरी बाइक सवार ने अचानक अपनी बाइक को कोल्ड स्टोर की ओर मोड़ दिया। इसी दौरान दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में अतुल कुमार और उनकी मां निर्मला जैन सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिल्सी पहुंचाया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि अतुल की हालत गंभीर थी, जबकि उनकी मां को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। संवाद