बदायूं के बिल्सी कस्बा के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता और उसके नवजात की मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
मुजरिया थाना क्षेत्र के लहरा असदुल्लाहपुर गांव निवासी शराफत ने बताया कि वह रविवार को अपनी भाभी रुखसाना को प्रसव के लिए राज नर्सिंग होम में लेकर आए थे। यहां उन्हें भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह प्रसव के बाद रुखसाना और उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस को दी तहरीर
गम और गुस्से के बीच परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की शिकायत बिल्सी पुलिस से की और कार्रवाई की मांग की। मामले की सूचना मिलने पर बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। परिजनों की ओर से तहरीर भी दी गई है।
सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।