बदायूं। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले में 20 सितंबर को साक्षरता परीक्षा परिषदीय स्कूलों में आयोजित की जाएगी। इसमें 15 वर्ष से अधिक आयु के 12 हजार से अधिक लोग प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा में सफल होने वाले प्रतिभागियों को साक्षरता का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
साक्षरता परीक्षा को लेकर शासन की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परिषदीय स्कूलों में परीक्षा के आयोजन के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे लोगों को पढ़ने-लिखने में सक्षम बनाना है, जो किसी कारण से औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। कार्यक्रम के तहत चिन्हित किए गए 15 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को साक्षरता से जुड़ी जानकारी और बुनियादी शिक्षा दी गई है। अब उनकी सीखने की क्षमता का आकलन करने के लिए परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा में सफल होने वाले लोगों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा।