बदायूं। त्योहार पर लोगों को यात्रा करने में दिक्कत नहीं होगी। बदायूं डिपो की 168 बसें रोड पर त्योहार से पहले ही दौड़ने लगी हैं। सिर्फ दिल्ली रूट पर ही 80 बसों को लगाया गया है। दिल्ली रूट की बसें वाया सहसवान, बिल्सी और संभल रूट पर दौडे़ंगी। सबसे ज्यादा 65 बसें सहसवान होते हुए दिल्ली जाएंगी। त्योहार के मद्देनजर डिपो ने अपनी सरेंडर की गईं सभी बसों को वापस ले लिया है।
कोराना काल के दौरान बदायूं डिपो की आमदनी काफी गिर गई थी। एक जून को अनलॉक एक के बाद डिपो ने बस सेवा शुरू की तो घाटा होने लगा। बदायूं डिपो के बेड़े में 131 निगम की और 37 डिपो की बसें शामिल हैं। कोरोना काल में सवारियां कम होने से डिपो घाटे में जा रहा था। डिपो के बेड़े में शामिल 131 में से बमुश्किल 70-75 बसों का ही संचालन हो पा रहा था। इससे डिपो को काफी नुकसान हो रहा था। ऐसे में डिपो ने 45 बसों को सरेंडर कर दिया था। दरअसल, प्रति बस पर परमिट, इंश्योरेंस समेत अन्य टैक्सों के साथ हर महीने करीब 25 हजार रुपये का खर्च आता है। डिपो ने 45 में से 20 बसों को अक्तूबर के पहले सप्ताह वापस ले लिया था। नवंबर के पहले सप्ताह में बाकी की 25 बसों को भी वापस ले लिया गया है। इन बसों को त्योहार के मद्देनजर रूटों पर लगा दिया गया है।
बदायूं डिपो की सभी बसें त्योहार पर यात्रियों के लिए सेवाएं देंने लगी हैं। बदायूं-दिल्ली, बदायूं-कासगंज, आगरा, बदायूं-फर्रुखाबाद, बदायूं-उत्तराखंड रुटों पर बसें दौड़ने लगी हैं। निगम की 131 बसों के साथ 37 अनुबंधित बसें भी कई रूट को कवर कर रही हैं। सबसे ज्यादा बसों को दिल्ली रूट पर लगाया गया है। बदायूूं से दिल्ली के लिए अलग-अलग तीन रूट निकलते हैं। इनमें वाया बिल्सी, सहसवान और संभल रूट शामिल हैं। सबसे ज्यादा 65 बसों को सहसवान रूट पर ही लगाया गया है। त्योहार पर लोगों को दिक्कत न हो इसके लिए प्रोत्साहन राशि के साथ बसों के फेरों को भी बढ़ाया गया है।
10 दिन ड्यूूटी तो मिलेगा प्रोत्साहन
बदायूं। परिवहन निगम ने दीपावली पर चालक-परिचालकों और कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की है। दस दिन तक निर्बाध ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालक और वर्कशॉप कर्मचारियों को इनाम से नवाजा जाएगा। प्रोत्साहन योजना के तहत चालक-परिचालकों द्वारा नौ दिन तक 350 किलोमीटर गाड़ी चलाने पर 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से प्रोत्साहन धनराशि दी जाएगी। अगर चालक-परिचालक दस दिन तक निर्बाध ड्यूटी करते हैं तो उनको एकमुश्त चार हजार रुपये की धनराशि के अतिरिक्त निर्धारित किलोमीटर से अधिक गाड़ी चलाने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से धनराशि भी दी जाएगी। त्योहार पर लोगों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए भी अधिकारी अपने स्तर से काम करेंगे।
त्योहार को देखते हुए डिपो ने सभी बसों का सरेंडर खत्म कर दिया है। डिपो की 131 और अनुबंधित 37 बसें रूट पर दौड़ रही हैं। यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। दिल्ली के तीन रूटों पर 80 बसों को लगाया गया है। चालक-परिचालक और वर्कशॉप कर्मचारियों को प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है। यात्रियों के हिसाब से बसों के फेरों को भी बढ़ाया जाएगा।
- राजेश कुमार, एआरएम