बदायूं। सिविल लाइंस क्षेत्र के कस्बा शेखूपुर में बंदरों का उत्पात बढ़ता जा रहा है। गुरुवार सुबह कुछ बंदरों ने एक महिला पर हमला बोल दिया, जिससे महिला छत से नीचे जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कस्बा शेखूपुर निवासी राम गोपाल नागर की विवाहिता बेटी सुनीता चंडीगढ़ अपनी ससुराल से पहली होली करने मायके आई थी। वह ससुराल लौटती, तब तक लॉकडाउन शुरू हो गया। गुरुवार सुबह एक छोटा बंदर उनके घर से बर्तन उठा ले गया। बर्तन छीनने के लिए सुनीता छत पर चढ़ गई। सुनीता को देखकर बंदर ने चीखना शुरू कर दिया, जिससे छत पर दर्जनों बंदर जमा हो गए और उन्होंने सुनीता पर हमला बोल दिया। उनसे बचने के लिए सुनीता जल्दबाजी में पैर फिसलने से छत से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वाले उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। उसके सिर में गहरी चोट आई है। इससे उनके कान से लगातार खून बह रहा था। अस्पताल से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।