बदायूं। यूपी बोर्ड ने वेबसाइट पर मॉडल पेपर अपलोड कर दिए हैं। इससे 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र का प्रारूप समझने में आसानी होगी।
परीक्षाओं में लगभग 80 दिन शेष हैं। जिलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि समय से पहले सभी केंद्रों का चयन और सत्यापन हो सके। इधर, परीक्षार्थी भी अपनी तैयारियों को रफ्तार देने में जुट गए हैं। कॉलेजों में रिवीजन क्लास, मॉडल टेस्ट और प्रैक्टिस पेपर हल करवाने का क्रम जारी है।
वहीं, माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने भी छात्रों की सुविधा के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर सभी विषयों के मॉडल पेपर अपलोड कर दिए हैं। इससे छात्रों को आगामी परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों के प्रारूप, अंक वितरण और स्तर को समझने में काफी मदद मिलेगी।
शिक्षक डॉ. यशवीर का कहना है कि मॉडल पेपर हल करने से विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, प्रश्नों की प्रकृति और उत्तर लिखने का सही तरीका सीखने में मदद मिलती है। साथ ही कमजोर विषयों की पहचान कर उन्हें सुधारने का भी अवसर मिलता है। बोर्ड ने मॉडल पेपरों का अधिक से अधिक अभ्यास करने की सलाह दी है, ताकि छात्र परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।