वाणिज्य कर विभाग के सचल दल ने शहर से गुजर रहे दो ट्रकों को पकड़ा है। एक में सरिया तो दूसरे में इमारती लकड़ी भरी हुई थी। टैक्स चोरी के इस मामले में जहां एक लकड़ी भरे ट्रक पर करीब सवा लाख का जुर्माना किया है, वहीं सरिया वाले ट्रक पर दो लाख जुर्माना सुनिश्चित किया गया। सरिया ट्रक के मामले में मालिक ने अपील दायर करने को वकील की सहायता ली है।
सचल दल प्रभारी महेश चंद्र ने अल सुबह इन दोनों ट्रकों को पकड़ा था। उन्होंने बताया कि सरिया भरा ट्रक रामपुर के डिबडिबा से सरिया लेकर मथुरा जा रहा था। जिस फर्म के नाम इस सरिया की सप्लाई हो रही थी। वह निलंबित चल रही है। इस प्रकार इस ट्रक को जब्त कर विभाग ने अपने अधीन ले लिया है। सचल दल ने इस पर दो लाख का जुर्माना किया लेकिन कंपनी मालिक ने अपनी फर्म को बहाल बताकर वकील के माध्यम से अपील की तैयारी की है। इसी प्रकार लकड़ी भरा ट्रक हापुड़ से हरदोई जा रहा था। इस पर सचल दल ने करीब 1.25 लाख रुपये का जुर्माना किया है। सचल दल की कार्रवाई में घिरे दोनों ट्रक जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सेल टैक्स चोरी करने वाले व्यापारी रात और अल सुबह के समय का इस्तेमाल करते हैं। सचल दल प्रभारी ने बताया कि इस बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अल सुबह छापामारी का समय निर्धारित किया और दो ट्रक पकड़ने में कामयाबी हासिल की। इससे विभाग की कोष में इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त से अब तक इस प्रकार के छापामारी से सचल दल ने करीब 5.46 लाख रुपये की कोष में बढ़ोतरी की है।