बदायूं स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) चुनाव इस बार अपने तरह का अलग होगा। पहली बार इस चुनाव में पुराने बीडीसी मेंबर मतदाता सूची में शामिल हैं। इसके पीछे तर्क है कि इस चुनाव में बीडीसी सदस्यों का कार्यकाल मतदान तक कायम रहेगा। इसलिए उन्हें मतदाता सूची से नहीं निकाला जा सका है। वहीं 1038 प्रधानों में से सभी निर्वाचित प्रधान इस चुनाव में मतदाता नहीं हैं। उन प्रधानों को ही मतदाता माना गया है, जिनकी चुने जाने के बाद शपथ हो चुकी है। जिन प्रधानों की शपथ नहीं हुई है, वे प्रधान भी एमएलसी चुनाव में मतदान नहीं कर सकेंगे।
जिले में 2177 मतदाता है। इनमें पुराने क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी मेंबर) की संख्या 966 है। इन सदस्यों को मतदाता सूची में शामिल किया गया है। नई क्षेत्र पंचायत के सदस्य इसमें अभी इसलिए शामिल नहीं हो सके हैं कि पिछली क्षेत्र पंचायतों का कार्यकाल चुनावों तक बना रहेगा। इसके अलावा नवसृजित ग्राम पंचायतों की संख्या तो 1038 है लेकिन इनमें केवल 763 प्रधानों को ही शपथ दिलाई जा सकी है। इसलिए यहां भी सभी ग्राम प्रधान मतदाता नहीं हो सकेंगे। जिन प्रधानों को शपथ हो चुकी है वही प्रधान मतदाता होंगे। इन हालातों में चुनाव अपने तरह का अलग हो चुका है। चूंकि सपा से बनवारी सिंह यादव और भाजपा से जितेंद्र सिंह यादव दो प्रत्याशी ही आमने-सामने होंगे। ऐसे हालातों में चुनाव बड़ा रोचक और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में होगा। पुराने क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नाम एमएलसी की मतदाता सूची में आ जाने के कारण उनकी अहमियत बढ़ गई है। प्रत्याशी उन्हें ढूृंढकर अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। उन प्रधानों की पूछताछ नहीं हो रही है, जिन्हें इस बार चुनाव जीतने के बाद शपथ नहीं हो सकी है। बड़ी तादाद में ग्राम पंचायत प्रधानों को शपथ इसलिए नहीं हो सकी कि उनकी ग्राम पंचायतों का कोरम पूरा नहीं था। एमएलसी चुनावों की मतदाता सूची ने सभी को चक्कर में डाल दिया है।
-----
क्षेत्र पंचायत के पुराने सदस्यों पर है जीत-हार का दारोमदार
बदायूं। बदायूं स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) चुनाव के लिए मतदाताओं ब्योरे पर नजर डालें तो सबसे बड़ी संख्या क्षेत्र पंचायत सदस्यों की है। मतदाता सूची में पुराने क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदाता हैं और इनकी संख्या सबसे अधिक 966 है। उसके बाद ग्राम प्रधानों का नंबर आता है। तीसरे नंबर पर नगर पालिका और नगर पंचायतों के सदस्य 390 हैं। इससे तय है कि क्षेत्र पंचायत सदस्य ही निर्णायक होंगे।
------
बदायूं स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) चुनाव के लिए मतदाताओं का ब्योरा
कुल मतदाता- 2177
क्षेत्र पंचायत सदस्य- 966
नगर पालिका और पंचायत सदस्य- 390
ग्राम प्रधान-763
जिला पंचायत सदस्य-51
पदेन सदस्य-7