दातागंज। विधायक राजीव कुमार सिंह की शिकायत पर एक्सईएन बाढ़ खंड किरन कुमार वर्मा ने बृहस्पतिवार को चितरी और सिमरिया तेंदू में रामगंगा पर बाढ़ से बचाव के लिए बनाए गए बांधों का निरीक्षण किया। इसमें सिमरिया तेंदू के बांध में तमाम खामियां मिली हैं, जिसके बाद कार्यदायी संस्था का भुगतान रोकने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दातागंज में रामगंगा पर चितरी गांव में 7.77 करोड़ की लागत से 1300 मीटर और नगरिया तेंदू में 4.04 करोड़ की लागत से 780 मीटर के बांधों का निर्माण कराया गया था। बांधों के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विधायक राजीव कुमार सिंह को शिकायतें मिली थीं। उन्होंने एक्सईएन बाढ़ खंड से जांच को कहा था। बृहस्पतिवार को एक्सईएन बाढ़ खंड पूरे अमले और विधायक के भाई विनय कुमार सिंह के साथ बांधों का जायजा लेने पहुंचे। यहां नगरिया तेंदूं के बांध के प्रथम दृष्टया निर्माण में खामियां मिलीँ। बताया जाता है कि मोटी रकम खर्च करने के बाद भी बांध बाढ़ रोक पाने में कारगर साबित नहीं होगा। एक्सईएन ने टेक्नीकल जांच कराने की बात कही है। एक्सईएन किरन कुमार वर्मा का कहना है कि फिलहाल कार्यदाई संस्था का भुगतान रोकने की कार्रवाई की जा रही है।