बदायूं। भारत सरकार की ओर से संचालित मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत जिला महिला अस्पताल सहित जिले के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कैंप लगाया गया। इसमें टीबी, काली खांसी, गलाघोंटू, टिटनेस, हेप्टाइटिस बी, निमोनिया, जापानी इंसेफ्लाइटिस(मास्तिष्क ज्वर), खसरा, पोलियो जैसी नौ घातक बीमारियों से बचाव के लिए दो वर्ष तक के बच्चों को ओपीवी (ओरल पोलियो वैक्सीन) पिलाई गई।
रविवार को जिला महिला अस्पताल में डीएम अनिता श्रीवास्तव ने मिशन इंद्रधनुष का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद में दो वर्ष तक के बच्चों को ओपीवी पिलाई। उन्होंने कहा कि इस मिशन के अंतर्गत दो वर्ष के बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिये नौ से 17 अक्तूबर तक जगह-जगह कैंप लगाकर लक्ष्य की प्राप्ति के लिए टीकाकरण और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान एक सप्ताह तक चलाया जाएगा। इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों तथा लोगों को पहले से ही दी गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने दो वर्ष तक के बच्चों को सघन मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण शिविर में लाकर संपूर्ण टीकाकरण करा सकें। सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के भी निर्देश है कि मातृ और शिशु मृत्युदर में कमी लायी जाए। प्रत्येक गर्भवती महिला तथा दो वर्ष तक के बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. आरएस यादव, डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉ. गुंजन कुमार, यूनिसेफ सुभाष सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।