कोतवाली क्षेत्र के हजरतगंज में आम के बाग से लापता चंदौसी निवासी ठेकेदार लियाकत अली का अब तक सुराग नहीं लग पाया है। लापता ठेकेदार के भाई की ओर से मामला कोर्ट में पहुंचा दिए जाने के बाद मंगलवार को चंदौसी से दरोगा कुलदीप सिंह ने घटनास्थल को देखने के बाद तहकीकात शुरू कर दी है।
संभल जिले के चंदौसी कस्बे के मोहल्ला लक्ष्मीनगर निवासी ठेकेदार लियाकत ने हजरतगंज में आम का बाग पेशगी पर लिया था। वह नौकर के साथ खुद ही बाग की रखवाली करता था लेकिन 29 जून को लियाकत लापता हो गया। अगले दिन उसका सेलफोन नंबर भी स्विच ऑफ बोलने लगा। शक होने पर ठेकेदार के बेटे शाहरुख और पत्नी शमां बेगम ने कोतवाली आकर पुलिस से भी संपर्क साधा था लेकिन उस वक्त गुमशुदगी दर्ज नहीं की गई लेकिन दवाब बढ़ा तो पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
लापता ठेकेदार के बेटे की मानें तो पूरे मामले में नौकर के साथ बिसौली क्षेत्र की एक महिला और उसके पति की भूमिका संदिग्ध रही। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए नामजद तहरीर भी दी गई थी। बाद में शाहरुख के चाचा रिफाकत ने कोर्ट की शरण ली। चंदौसी कोतवाली से जांच को पहुंचे दरोगा कुलदीप सिंह ने यहां आकर हल्का इंचार्ज दरोगा से भी बात की। वह उस बाग में भी गए जहां से ठेकेदार लापता है। दरोगा के साथ ठेकेदार का भाई भी था। उसने बताया कि पुलिस गहनता से जांच करे तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
-----
ठेकेदार के बेटे को अनहोनी की आशंका
उझानी। लापता ठेकेदार लियाकत के बेटे शाहरुख ने फोन पर बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यदि आरोपियों से पूछताछ की जाती तो केस खुलने में ज्यादा देर नहीं लगती। शाहरुख को पिता के साथ अनहोनी की आशंका सताने लगी है। पुलिस को सबसे पहले संदिग्ध महिला से पूछताछ करनी चाहिए।