उसहैत। थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह परवीन नगला के पास पिकअप की टक्कर लगने से दूधिया युसुफ (42) की मौत हो गई। वह दूध लेकर ककराला से उसहैत जा रहा था। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लेकर दूधिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ककराला के वार्ड नंबर सात निवासी युसुफ पुत्र मल्लू दूध बेचने का काम करते थे। वह ककराला और उसके आसपास गांव से दूध लेकर उसहैत में आपूर्ति दिया करते थे। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी बाइक पर दूध के बाल्टे लादकर उसहैत जा रहे थे। उस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए थे। उनकी बाइक परवीन नगला गांव के नजदीक पहुंची थी कि तभी अचानक उनके मोबाइल पर किसी की कॉल आई। वह सड़क किनारे बाइक रोककर मोबाइल पर बात करने लगे। उसी वक्त पीछे से एक पिकअप तेज रफ्तार में आ रही थी। उसका अचानक एक्सल टूट गया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर उनसे टकरा गई और सड़क पर जाकर पलट गई। इस हादसे में युसुफ की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
राहगीरों ने हादसे को देखकर थाना पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और फिर जेसीबी मंगवाकर पिकअप को सीधा कराया। उसका चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लेकर दूधिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ विवेक कुमार सिंह ने बताया कि यह हादसा पिकअप का एक्सल टूटने से हुआ था। दूधिया सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसमें तहरीर के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई थी ब्योली के बॉबी की मौत
वजीरगंज। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मीना ढाबे के नजदीक किसी वाहन की टक्कर लगने से मरा युवक ब्योली का बॉबी निकला। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम के बाद उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रविवार रात हाईवे पर मीना ढाबे के नजदीक युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने आसपास के तमाम लोगों से पूछताछ की थी, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। मंगलवार सुबह उसकी पहचान ग्राम ब्योली निवासी बॉबी पुत्र दिनेश सिंह के रूप में हुई। उसकी पहचान चाचा बृजपाल ने की। उन्होंने बताया कि बॉबी के पिता का काफी समय पहले देहांत हो चुका है। उसकी मां और बहन दिल्ली में रहती हैं। बॉबी शराब का आदी था। कोई वाहन टक्कर मारकर चला गया था। उसकी पहचान होने के बाद पुलिस मंगलवार दोपहर बाद उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया और बाद में परिवार वालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद
हाईवे पर पलटी पिकअप को हटाती जेसीबी। संवाद