अलापुर। फुंके ट्रांसफार्मर के फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में डालने से गुस्साए जेई ने मीटर रीडर से अभद्रता की। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मीटर रीडर ने जेई के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रहीं है।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव रूपामई उर्फ रमनगला का 63 केवीए ट्रांसफार्मर फुंक गया था। ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। उसी समय गांव के ही मीटर रीडर प्रेमचंद्र ने ट्रांसफार्मर में आग लगने के फोटो बिजली विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में डाल दिए। इससे गुस्साए जेई ने फोन पर प्रेमचंद के साथ गाली गलौज की। अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। जेई की अभद्रता व गाली गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, मीटर रीडर ने जेई के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।