नगर पालिका परिषद बदायूं के विद्युत अनुभाग में कार्यरत कर्मचारी ओमदत्त शर्मा की बेटी आकांक्षा शर्मा से ब्याह रचाने के लिए दूल्हा हेलीकॉप्टर से आएगा। वह पिता के घर से विदा होकर भावी पति के साथ ससुराल हेलीकॉप्टर से जाएगी।
छह दिसंबर को आकांक्षा उर्फ नंदनी की बारात कासगंज से आएगी। ओमदत्त शर्मा के होने वाले दामाद सूरज शर्मा कासगंज के गांव प्रह्लादपुर के रहने वाले हैं। सूरज पढ़ाई के साथ चीनी का व्यवसाय भी करते हैं। शर्मा ने जब हेलीकॉप्टर उतरवाने और हेलीपैड बनाने के लिए अधिकारियों से अनुमति मांगी तो लोग अचरज में पड़ गए। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन एसके आर्या ने बताया कि उनको नगला मंदिर के पीछे हैलीपैड बनाने की अनुमति दी गई है। सात दिसंबर को हेलीकॉप्टर से ओमदत्त शर्मा की बेटी की विदाई होनी है।
नगर पालिका परिषद के कर्मचारी इस आयोजन को लेकर उत्साहित हैं। विद्युत अनुभाग के अधीक्षक अब्दुल कदीर त्यागी ने कहा कि यह ओमदत्त शर्मा की शालीनता का ही नतीजा है कि उनकी बेटी का रिश्ता अच्छे परिवार में तय हुआ है।