अलापुर पॉलिटेक्निक में सम्मानित किए गए छात्रों के साथ मुख्य अतिथि। स्रोत- आयोजक
अलापुर। स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में शनिवार को वार्षिक दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक राजीव सिंह बब्बू भइया रहे। इस अवसर पर उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विधायक ने कहा कि वर्तमान युग तकनीक और कौशल का युग है। युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित न रहकर अपने कौशल को निरंतर निखारना चाहिए, ताकि वे नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाले बन सकें। उन्होंने पॉलिटेक्निक कॉलेज द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए कॉलेज प्रशासन को बधाई दी।
दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न ट्रेडों के टॉपर्स को विशेष रूप से मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला मंत्री शारदाकांत भारद्वाज, ब्लॉक प्रमुख केसी. शाक्य, दिनेश कुमार सिंह, कॉलेज के प्रधानाचार्य व समस्त स्टाफ मौजूद रहा।