बदायूं। जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज में अब दवाओं की कमी से मरीजों को जूझना नहीं पड़ेगा। शासन की ओर से मेडिकल कॉलेज के लिए प्राविधानित धनराशि के रूप में 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस बजट से आवश्यक दवाओं की खरीद की जाएगी। इससे पूरे साल मरीजों को निर्बाध रूप से उपचार मिल सकेगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में दवाओं को लेकर धन की कमी न हो। इसको ध्यान में रखते हुए शासन ने राजकीय मेडिकल कॉलेज को दवा आपूर्ति को नियमित और पर्याप्त बनाए रखने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, इस राशि का उपयोग आवश्यक और जीवनरक्षक दवाओं की खरीद में प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि दवाओं की उपलब्धता बढ़ने से न सिर्फ मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि उपचार की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। खासकर गरीब और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दवा खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता न हो। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।