बदायूं। सुबह टहलने निकले एमकॉम के छात्र को एक युवक ने गोली मार कर हत्या कर दी। उसने तीन गोली मारी और बाइक से भाग निकला। मौके पर पहुंची सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बदरपुर के रहने वाले कर्तव्य पटेल (22) अपने तीन साथियों के साथ रविवार की सुबह को टहलने के लिए घर से निकले थे। वह करीब पांच बजे डीएम रोड पर जा रहे थे। तभी सामने से एक बाइक पर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला शिवपुरम निवासी शौर्य ठाकुर आया और कर्तव्य पटेल पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। उसने तीन गोली मारी लेकिन उसे एक ही लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इसके अलावा उसे तीनों साथी बाल-बाल बच गए। कर्तव्य के गिरते ही वह फरार हो गया। शोर सुनकर आस पास के लोग मौके पर आ गए और पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनोज कुमार और सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर में रोते-बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुंचे।
-
गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला अस्पताल में हंगामा
आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर मृतक के भाई और परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। कोतवाली और सिविल लाइंस पुलिस ने परिवार के लोगों से कहा कि मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। आश्वासन के बाद परिवार के लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा।
-
भाई हिमांशु पटेल ने दर्ज कराया मुकदमा
- कर्तव्य पटेल के भाई हिमांशु पटेल ने तहरीर देकर शौर्य ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बताया है कि भाई हर रोज टहलने के लिए अपने दोस्तों के साथ जाता था। रविवार की भी सुबह वह अपने दोस्तों के साथ टहलने को निकला था कि उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
-
भाजपा नेता का करीबी है हत्यारोपी
हिमांशु ने आरोप लगाया है कि शहर में रहने वाला 70 वर्षीय भाजपा नेता की सह पर शौर्य ठाकुर शहर में दहशत फैलाने का काम करता है। नेता की वजह से पुलिस भी उस पर हाथ नहीं डालती थी। यही वजह रही कि उसके हौसले बुलंद हो गए और उसने भाई की गोली मारकर हत्या कर दी।
-
पीठ पर लगी गोली
कर्तव्य पटेल को पीठ पर गोली लगी थी, जिससे उसके शरीर से अधिक खून बह गया और अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मौत हो गई। दो गोली उसको नहीं लगी। उसके साथ चल रहे दोस्त बाल-बाल बच गए।
कोट,
- भाई की तहरीर पर एक आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। - रजनीश उपाध्याय, सीओ सिटी
पोस्टमॉर्टम हाउस पर विलाप करते कर्तव्य पटेल के परिजन। संवाद
पोस्टमॉर्टम हाउस पर विलाप करते कर्तव्य पटेल के परिजन। संवाद