फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: पूजा घर में रखे दीपक से मकान में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर राख

Thu, 25 Dec 2025 05:56 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

बदायूं के कुंवरगांव कस्बे के वार्ड नंबर तीन में बृहस्पतिवार को सत्यवीर के मकान में भीषण आग लग गई, जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आग से काफी सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। 
विज्ञापन
आग से सामान जलकर राख, दीवारों में आई दरारें - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के कुंवरगांव कस्बे के वार्ड नंबर तीन, रामलीला मैदान के पास बृहस्पतिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सत्यवीर के घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते घर के दो कमरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग की तपिश से लिंटर और दीवारों में दरारें पड़ गईं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया। 

विज्ञापन


सत्यवीर सुबह काम से घर से बाहर गए थे। उनकी मां ऊषा भारती पूजा घर में दीपक जलाकर घर में ताला लगाकर बच्चों के साथ बदायूं चली गई थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले उनके चाचा प्रदीप कुमार ने घर से धुआं निकलता देखा। उन्होंने शोर मचाया। फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। मकान में आग लगने से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। 

आसपास मौजूद महिलाएं और बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे। आग की लपटें और काला धुआं देख लोगों में दहशत फैल गई। घटना के समय घर के बाहर वाले कमरे में सत्यवीर की दादी रज्जो देवी मौजूद थीं। प्रदीप कुमार ने जान की परवाह किए बिना उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने रसोई में रखे गैस सिलिंडर को भी बाहर निकालकर खुले स्थान पर रख दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

पीड़ित ने कहा- आग से 12 लाख रुपये का नुकसान 
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से लोगों को दूर किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पीड़ित सत्यवीर के अनुसार आग से करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। 

घटना की जानकारी मिलने पर कानूनगो विनोद पूरी और लेखपाल ब्रजेश यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग से हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रदीप कुमार समय रहते दादी को बाहर न निकालते और गैस सिलिंडर सुरक्षित स्थान पर न रखते, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें