फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: बदायूं में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, 50 लाख का नुकसान; बाजार में चार घंटे तक फैली रही दहशत

Sun, 15 Mar 2026 03:59 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

बदायूं के बीच बाजार में रविवार को भीषण अग्निकांड हो गया। खैराती चौक स्थित रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसे बुझाने में दमकल की टीमों को चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पीड़ित व्यापारी ने आग से 50 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान जताया है। 
विज्ञापन
दुकान से निकलता धुएं का गुबार - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के खैराती चौक स्थित रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में रविवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय और दो थानों का पुलिसबल भी घटनास्थल पर मौजूद रहा। नगर पालिका से लगातार पानी की सप्लाई टैंकरों से की गई।

विज्ञापन


खैराती चौक से सब्जी मंडी जाने वाली सड़क पर 'ज्योति स्टोर्स' नाम से रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। रविवार होने के कारण दुकान बंद थी। दोपहर करीब 10:15 बजे जब दुकान से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठने लगीं, तो आसपास के व्यापारियों ने दुकान मालिक ज्योति वैश्य को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे ज्योति वैश्य ने जब शटर उठाने का प्रयास किया, तो वह गर्म था। उन्होंने दमकल और पुलिस को सूचना दी। 

दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुकान की दीवार हटवाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। इसी दौरान आग दुकान की दूसरी मंजिल तक फैल गई, जिससे आसपास के व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। नगर पालिका के टैंकरों के साथ-साथ चार अतिरिक्त फायर टेंडर भी घटनास्थल पर बुलाए गए। सदर कोतवाली और सिविल लाइंस थानों की पुलिस के साथ सीओ सिटी ने भी पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया।

विज्ञापन
Trending Videos

दुकान से उठता धुएं का गुबार - फोटो : संवाद
चार घंटे तक उठती रहीं लपटें 
लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। हालांकि, कपड़ों में लगी आग के कारण अलग-अलग स्थानों से धुआं और हल्की लपटें उठ रही थी। सीएफओ रामराजा यादव ने बताया कि पांच दमकल की गाड़ियां सक्रिय रूप से बचाव कार्य में लगी रहीं। उन्होंने कहा कि धुआं पूरी तरह से खत्म होने में कुछ समय लगेगा, लेकिन आग लगभग बुझाई जा चुकी है। हादसे के कारणों की जांच में पुलिस जुटी है। 

पीड़ित व्यापारी ने बताया कि इस अग्निकांड में करीब 40 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ईद की खरीदारी के चलते दुकान में भारी मात्रा में सामान मौजूद था। व्यापारी के अनुसार, आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है।

आग बुझाने में जुटी दमकल की टीम - फोटो : संवाद
बीच बाजार में आग से हड़कंप
शहर की सबसे घनी और बीच बाजार में आग लगने ने आस पास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आग की लपटें देख लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों को मौके से सुरक्षित निकाल लिया। वहीं दुकानों को बंद करा दिया गया। हालांकि अधिकांश दुकान रविवार की वजह से बंद ही थीं। चार घंटे तक बाजार में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

रेडीमेड कपड़ों के बड़े व्यापारी हैं ज्योति
ज्योति वैश्य रेडीमेड के थोक व रिटेल के बड़े व्यापारियों में से एक हैं। बताया जा रहा है कि रोजाना 50 से 60 हजार रुपये की दुकानदारी होती है। गोदाम समेत दुकान में लाखों रुपये का माल हर समय मौजूद रहता है। आग लगने से भारी नुकसान होने से उनके परिवार को गहरा सदमा लगा है। 

बाजार में चार घंटे तक फैली रही दहशत - फोटो : संवाद
बिजली के तारों से पहले भी उठ चुकी हैं चिंगारी
दुकान के सामने से बिजली के तार निकल रहे हैं। कई बार पहले भी चिंगारी निकली जिसकी व्यापारियों ने विभाग के अधिकारियों से शिकायत भी की थी। लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। यही वजह रही कि बिजली के इन तारों की चिंगारी ने व्यापरी का 50 लाख रुपये का माल खाक में तब्दील हो गया। 

चार घंटे तक अन्य दुकानदारों की थमीं रहीं सांस
सब्जी मंडी के आस पास पूरे बाजार में सभी बड़े व थोक के ही व्यापारी हैं। आग लगाने के बाद से चार घंटे जब तक आग पर काबू नहीं पाया गया तब तक दुकानदारों की सांस अटकी रहीं। आग पर काबू पाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। 

घटनाक्रम 
  1. आग लगी करीब: 10 बजे
  2. जानकारी हुई:10.15 बजे
  3. दुकान स्वामी को सूचना: 10.20 बजे
  4. मौके पर पहुंचे दुकान मालिक:10.30 बजे
  5. दमकल की पहली गाड़ी पहुंची:11.00 बजे
  6. आग बुझाने का प्रयास:11.05 बजे से
  7. पुलिस पहुंची:11.10 बजे
  8. सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचे:11.15 बजे
  9. सीओ सिटी पहुंचे: 11.20 बजे
  10. अन्य दमकम की गाड़ियां बुलाई गईं:11.30 बजे
  11. आग पर काबू गया: 3.00 बजे 
विज्ञापन

सीएफओ रामराजा यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी के साथ टीम को मौके पर भेजा गया। कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के साथ ही आस-पास की दुकानों को बचाना बहुत आवश्यक था। लेकिन टीम ने अपनी मेहनत से आसपास की दुकानों तक आग नहीं जाने दी। व्यापारी के नुकसान का आकलन तहसील की टीम करेगी। 

सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह ने बताया कि दमकल विभाग की टीम के साथ ही दुकानदारों ने भी आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की है। माल तीन दुकानों व एक गोदाम में माल रखा था। गोदाम बेसमेंट में होने की वजह से आग पर काबू पाने में चार घंटे लग गए। आग के नुकसान का आकलन करके शासन को भेजा जाएगा, जिससे पीड़ित को मुआवजा मिल सके। 

संबंधित वीडियो 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें