बिजनौर-बदायूं हाइवे पर स्थित बिजलीघर बस स्टैंड के निकट दोपहर तीन बजे एक मारुति वैन में गैस रिफिल करते हुए अचानक आग लग गई। जिससे कार चालक आग में झुलस गया। उसका उपचार नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया जा रहा है। कार के पास रखा गैस सिलेंडर में आग नहीं पहुंच सकी। जिससे हाईवे पर बड़ा हादसा टल गया। आग के बाद करीब एक घंटे तक रोड पर दोनों ओर से जाम लगा रहा, जिससे गर्मी में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना पड़ा।
पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव नरऊ निवासी मुकेश कुमार पुत्र चेतराम गुरुवार को बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव नाई पिंडरी में अपनी रिश्तेदारी में मारु ति वैन से जा रहा था। तभी हाईवे पर स्थित बिजलीघर बस स्टैंड के पास मारुति वैन कार में गैस खत्म हो गई। जिस पर मुकेश ने सिलेंडर खरीद कर सड़क किनारे कार में गैस रिफिल करने लगा। तभी उसकी कार में अचानक आग लग गई। जिससे वह आग में झुलस गया। पुलिस ने बताया कि कार में चार और भी लोग बैठे थे। जो गैस रिफिल होने के कारण नीचे खड़े थे। थोड़ी ही देर में मारुति वैन में आग लग गई। आनन-फानन में यहां लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। मगर आग की तेज लपटों के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। धीरे-धीरे कार बुरी तरह से चल गई। आग की लपटों के कारण हाइवे पर दोनों ओर जाम लग गया। करीब एक घंटे बाद आग बुझ पाई। तो पुलिस ने जाम को खुलवाया।