मुजरिया गांव में विवाहिता की मौत के बाद गमगीन बैठे परिजन। संवाद
मुजरिया। विवाहिता का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर हत्या का आरोप लगाया, जिस पर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेज दिया।
रामपुर जिले के थाना शाहबाद के गांव भौंरकी निवासी मीना देवी ने अपनी बेटी कामिनी की शादी करीब एक साल पहले मुजरिया गांव निवासी सचिन के साथ की थी। बृहस्पतिवार की शाम को सचिन व कामिनी में किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। परिवार के लोगों ने दोनों को शांत करा दिया। उसके बाद कामिनी अपने कमरे में चली गई। सचिन गुस्से में दूसरे कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद परिवार के लोग खाना खाने के लिए कामिनी को बुलाने गए तो उसका शव फंदे पर लटका देख होश उड़ गए। देखते ही देखते घर में चीख पुकार मच गई। आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए। किसी ने मायके पक्ष को घटना की सूचना दी, जिस पर मां मीना व अन्य परिजन देर रात तक मुजरिया आ गए। उन्होंने पुलिस को गला दबाकर हत्या और शव लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करेंगे।
मुजरिया गांव में विवाहिता की मौत के बाद गमगीन बैठे परिजन। संवाद