लक्ष्मी की मौत की जानकारी देते उसके मायके पक्ष के लोग। संवाद
सिलहरी। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी सतेंद्र की पत्नी लक्ष्मी का शव बुधवार की सुबह फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस व मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आंवला तहसील के थाना सिरौली क्षेत्र के संतपुर गांव निवासी फूल सिंह ने बेटी लक्ष्मी (22 वर्षीय) की शादी थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी धनपाल के बेटे सत्येंद्र से एक साल पहले की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की खातिर ससुराल वाले लक्ष्मी के साथ मारपीट करते थे।
बुधवार सुबह 7:00 बजे परिजनों को सूचना मिली कि लक्ष्मी की मौत हो गई है। मायके पक्ष का आरोप है कि लक्ष्मी की हत्या की गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि लक्ष्मी का शव फंदे से लटका मिला है। अभी जांच जारी है। संवाद
पति दिल्ली में करता है मजदूरी
लक्ष्मी का पति सतेंद्र दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। घटना के समय वह दिल्ली में था। सूचना मिलने के बाद वह दिल्ली से घर के लिए रवाना हाे गया है। इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।