बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर नवादा के मजदूर की धान की रोपाई के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने जांच की।
गांव आरिफपुर नवादा निवासी रतन (20) पुत्र ननकू शनिवार की दोपहर परिजनों व अन्य मजदूरों के साथ ठेके पर धान की रोपाई करने खेड़ा नवादा गांव स्थित एक खेत पर गया था। भाई करन ने बताया कि दोपहर को सभी ने खेत के पास स्थित ट्यूबवेल पर भोजन किया। इसके बाद आराम करने लगे।
रतन भी ट्यूबवेल के पास ही लेट गया। इसी दौरान उसका पैर ट्यूबवेल के लोहे के पाइप से छू गया। पाइप में करंट दौड़ रहा था, जिससे वह उसकी चपेट में आ गया। चीख सुनकर वहां आराम कर रहे अन्य लोगों ने तुरंत बिजली बंद की और भाई को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है।
कूलर में आए करंट से विवाहिता की मौत
- घर में कामकाज के वक्त चप्पल तलाशने के दौरान कूलर हटाते वक्त हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज। गांव भगवतीपुर में एक विवाहिता की कूलर में आए करंट से मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाए जाने पर वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन निराश होकर शव को घर ले गए।
थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव भगवतीपुर निवासी कोमल की पत्नी नेमवती (23) शुक्रवार की सुबह घर में काम कर रही थीं। चप्पल न मिलने पर उन्होंने कूलर को एक ओर हटाना चाहा तो उसमें करंट होने के कारण वह वहीं गिर गईं, परिवार वाले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले घए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार वालों ने भी विवाहिता की मौत का कारण कूलर में आए करंट को बताया है। मृतका के शव को परिजन पुलिस को बिना सूचना दिए ही घर ले गए। विवाहिता की मौत से घर में कोहराम मचा है।
दातागंज सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से भैंस की मौत
गुलड़िया। मूसाझाग क्षेत्र के गांव कंडेला निवासी सीमा पत्नी सत्यपाल ने आर्थिक तंगी के चलते महिला समूह से कुछ महीने पहले ऋण लेकर भैंस खरीदी थी। सीमा अपनी भैंस को पास के तालाब में पानी पिलाने के लिए ले गई।
जैसे ही भैंस तालाब के पास लगे खंभे के पास से निकली हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर भैंस के ऊपर गिर गया। भैंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र गुलड़िया को सूचना दी और विद्युत आपूर्ति बंद कराई। भैंस स्वामिनी सीमा के पति सत्यपाल ने विद्युत निगम के खिलाफ थाना मूसाझाग में तहरीर दी है। इधर, सीओ उझानी सीओ सुनील कुमार ने बताया कि थाना स्तर पर तहरीर आई होगी। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद