उझानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव पटपरागंज में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में जलकर मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि उसका पति दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की मांग रहा था। मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता पर पेट्रोल डाल जलाकर मार दिया। पुलिस ने पांच ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव दुर्जन नगला निवासी शेर सिंह के मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी आरती की शादी ग्राम पटपरागंज निवासी सुरजीत पुत्र अमर सिंह के साथ की थी। उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार बेटी की शादी में काफी दहेज दिया था। फिर भी ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह दहेज में दो लाख रुपये और एक बुलेट बाइक की मांग रहे थे जब वह उनकी मांग पूरी नहीं कर पाए तो ससुराल वालों ने आरती का उत्पीड़न शुरू कर दिया।
13 अक्तूबर को उन्होंने आरती को पेट्रोल डालकर जला दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उन्होंने आरती को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं आया। बरेली से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंचे मायके वाले आरती का शव कोतवाली ले आए। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर सुरजीत समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज करवा दी। कोतवाली पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।