बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर सोहरा निवासी एक विवाहिता को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामले में विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना उघैती के गांव खंडुआ निवासी रुखसाना पत्नी अबरार ने बताया बेटी खुशनुमा का 16 फरवरी 2025 को मिर्जापुर सोहरा निवासी एक युवक के साथ विवाह किया था। ससुराल के लोग दहेज से खुश नहीं थे। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर बेटी को घर से निकाल दिया। विवाहिता ने अपनी मां रुखसाना और भाई वसीम के साथ बुधवार को सीओ को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। सीओ संजीव कुमार सिंह ने मामले में गहनता से जांच करने के निर्देश थाना पुलिस को दिए हैं। संवाद