कोच शैवर अली खान के साथ मौजूद मानसी। विभाग
बदायूं। महिला मुक्केबाज मानसी पटेल ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 10 अगस्त को वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मानसी ने सीनियर नेशनल महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में जगह बनाई है।
सीनियर नेशनल महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप 17 से 23 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश में होगी। इसमें मानसी पटेल उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। मानसी पटेल इससे पहले आंध्र प्रदेश के भीमावरम में आयोजित अंडर-23 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उनका चयन राष्ट्रीय टीम के लिए हुआ है।
उपलब्धि का श्रेय मानसी ने अपने प्रशिक्षक शैवर अली खान को दिया है। शैवर अली खान आईबा स्टार अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक हैं और लंबे समय से मानसी को प्रशिक्षण दे रहे हैं। मानसी की इस सफलता पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया, उप क्रीड़ा अधिकारी नाजिया बेगम एवं स्टेडियम के समस्त प्रशिक्षकों और कर्मचारियों ने बधाई दी है। अधिकारियों ने कहा कि मानसी की उपलब्धि जिले की अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
स्टेडियम में तीन खेलों के ट्रायल 17 से
बदायूं। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता के लिए 17 अगस्त को जिला स्तरीय ट्रायल होंगे। वहीं अयोध्या में होने वाली प्रदेश स्तरीय महिला टेनिस एवं हॉकी प्रतियोगिताओं के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 17 अगस्त शाम चार 4 बजे और बरेली में मण्डल स्तरीय ट्रायल 18 अगस्त को 12 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे। जिला क्रीड़ाधिकारी अमित रिछारिया ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी स्टेडियम में पहुंचकर ट्रायल में हिस्सा ले सकते हैं। संवाद