पुलिस की गिरफ्त मे 25 हजार का इनामी बदमाश अरबाज। स्त्रोत पुलिस
बदायूं। कोतवाली पुलिस ने 60 कारतूसों की तस्करी के मामले में शनिवार को 25 हजार के इनामी बदमाश अरबाज को मोक्ष धाम सुंदर नगर वाले रास्ते से गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेशकर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बदमाश के पास से 315 बोर का तमंचा और 10 कारतूस बरामद किए हैं।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कारतूस तस्करी प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी अरबाज पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके बाद से टीमें उसकी गिरफ्तारी में लगी हुई थीं। शनिवार को कोतवाली पुलिस संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने मोक्ष धाम सुंदर नगर मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अरबाज निवासी गांव ब्यौर थाना बिनावर बताया। अरबाज के खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में ऑर्म्स एक्ट के दो अन्य केस दर्ज है। दोनों मामलों में आरोपी वांछित था।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि वांछित आरोपी अरबाज पर 25 हजार का इनाम घोषित था। शनिवार को टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी ताज मोहम्मद की तलाश जारी है।
दरोगा ने डील कर विवेचना में दोनों आरोपियों के निकाल दिए थे नाम
कोतवाली में दो अगस्त को नादे गौटिया गांव निवासी नावेद को 60 कारतूस के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। इस प्रकरण में उसके चचेरे भाई ताज मोहम्मद और उसके दोस्त अरबाज भी शामिल था। मामले की विवेचना दरोगा बाबू खां को मिली थी। बाबू खां ने संगीन मामले में ताज मोहम्मद और अरबाज के नाम विवेचना से हटा दिए और नावेद के विरुद्ध चार्जशीट लगा दी थी। इसके बाद दरोगा ने चार्जशीट सीओ सिटी के पेशी में दो सिपाहियों को सौंप दी थी।
चार्जशीट में आरोपियों के नाम निकालने के पूरे साक्ष्य नहीं होने के बाद भी सिपाही हरीश और प्रवीण ने चार्जशीट पर सीओ के हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया था। सीओ ने चार्जशीट पर हस्ताक्षर करने से पहले पढ़ा तो मामले में खेल पकड़ लिया था। इसमें दरोगा और सिपाहियों की मिलीभगत होने की बात सामने आई थी। सीओ की जांच रिपोर्ट पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने कार्रवाई करते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था।