सीएचसी वजीरगंज में घायल अवस्था में चंदौसी निवासी शिवानी ने बताया कि उसकी शादी करीब दो साल पहले वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव उरैना निवासी विजय के साथ हुई। शिवानी ने आरोप लगाया कि विजय शराब पीने का आदी है, वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। उसके और पति विजय के बीच दहेज के उत्पीड़न का केस कोर्ट में विचाराधीन है। वह एक साल से अपने मायके में रह रही थी।
शिवानी ने बताया कि शुक्रवार को ही दोनों परिवार की बीच समझौता लिखा-पढ़ी से हुआ। इसके बाद वह पति के साथ ससुराल आने को तैयार हुई। दोपहर बाद वह उरैना गांव अपनी ससुराल आई। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे पति ने केस करने के नाम पर कहासुनी करनी शुरू कर दी, इसके बाद में पति विजय ने कमरा बंद कर उसकी पिटाई की और चाकू से गला रेत दिया।
शिवानी ने बताया कि पति ने गले पर चाकू से दो-तीन बार किये। इसके बाद पति भाग गया। इस घटना के समय घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। पड़ोस के रहने वाले इकबाल चीखने की आवाज सुनकर घर आए और उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। विजय चार भाइयों में सबसे बड़ा है।
विजय के पिता दिल्ली में रहकर काम करते हैं। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति के शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया और इसी में पति ने पत्नी के गर्दन पर चाकू मार दिया। घायल महिला का अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। पति को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।