फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: रास्ते में घेरकर पीटा, फिर तमंचे से युवक को मारी गोली, बहनोई ने दिया वारदात को अंजाम

Wed, 27 May 2026 11:16 AM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवक को रास्ते में घेरकर गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने अपने बहनोई और उसके साथियों पर आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है। 
विज्ञापन
Crime demo - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में बहन के तलाक के मुकदमे की पैरवी करने वाले भाई पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि बहनोई ने अपने साथियों के साथ मिलकर खेत से लौट रहे युवक को रास्ते में घेर लिया और पिटाई के बाद तमंचे से उसे गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

विज्ञापन


इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव लश्करपुर ओईया निवासी मेसाद की बहन मिस्कीन की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व पास के गांव नदेरी निवासी भूरा उर्फ मुनाजिर के साथ हुई थी। बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों अलग हो गए और मामला तलाक तक पहुंच गया। रिश्तेदारों द्वारा कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद कोर्ट में तलाक का मुकदमा दायर किया गया, जिसकी पैरवी मेसाद कर रहा था।

पहले पीटा, फिर मार दी गोली 
ग्रामीणों के अनुसार, भूरा उर्फ मुनाजिर अपने साले मेसाद पर मुकदमे की पैरवी न करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि जब मेसाद नहीं माना तो मंगलवार रात नदेरी-ओईया रोड पर भूरा अपने साथियों के साथ चार पहिया वाहन से पहुंचा।  उसने मेसाद को रोक लिया। पहले आरोपियों ने मेसाद के साथ मारपीट की, इसके बाद तमंचे से गोली मार दी। गोली लगते ही मेसाद घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा और आरोपी मौके से भाग गए।  

विज्ञापन
विज्ञापन

युवक की हालत नाजुक 
घटना के दौरान रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

घायल मेसाद ने थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसके बहनोई भूरा उर्फ मुनाजिर और उसके साथियों ने उसे जान से मारने की नीयत से हमला किया और गोली मारी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें