मीरा चौकी स्थित श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में चल रहे तीन दिवसीय प्रांतीय प्रधानाचार्य सम्मेलन का रविवार को समापन हो गया। आखिरी दिन बदलते परिवेश में आधुनिक शिक्षा को लेकर मंथन किया गया।
समापन सत्र का शुभारंभ क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिवपाल सिंह, धीरज सक्सेना ने पुष्पार्चन किया। प्रथम सत्र में प्रधानाचार्यों को संबोधित करते हुए ख्यालीराम ने कहा कि विद्या भारती विद्यालय देश के अंदर ऐसी युवा पीढ़ी का निर्माण करने में लगे हैं जो हिंदुत्वनिष्ठ एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो। साथ ही शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, प्राणिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से पूर्ण विकसित होने के अलावा जीवन की चुनौतियों का सामना सफलता पूर्वक कर सकें। मुख्य अतिथि स्नातक एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि विद्याभारती के विद्यालयों में सामाजिक व्यवस्था, भारतीय संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा राष्ट्र को प्रगति के उच्च शिखर पर ले जाने के लिए सक्षम नागरिकों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं प्रांत प्रचारक दिनेश कुमार द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन की समग्रता से सामने रखने वाला पांचजन्य के विशेषांक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष धीरज सक्सेना, प्रदेश निरीक्षक शिवपाल सिंह ने भी प्रांत प्रचारक के साथ पत्रिका का विमोचन किया। बाबा साहब के जीवन के बारे में बताते हुए दिनेश कुमार बोले, अच्छे कुल में जन्म लेने से व्यक्ति महान नहीं बनता अपितु अच्छे कर्मों से महान बनता है। लिहाजा अवतारों, महापुरूषों और शहीदों को जातिगत आधार पर नहीं बांटना चाहिए। डॉ. भीमराव अंबेडकर का व्यक्तित्व विविध आयामी है, व्यक्तित्व की यह विराटता पद, पीढ़ी और पैसे नहीं नहीं मिली, बल्कि विपरीत परिस्थितियों के अंधड़ों से लड़कर हासिल की। धीरज सक्सेना ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत एवं शिशुओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बताया कि ये विद्यालय बिना सरकारी सहयोग के समाज के सहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में अपना विशेष स्थान बनाए हुए है।
इस मौके पर कालिका प्रसाद गंगवार, सत्यप्रकाश मौर्य, हरिवीर सिंह, प्रेमस्वरूप पाठक, जवाहर रस्तोगी, सर्वेश पाठक, लालमन, अंकुर पाराशरी, मुनीश कुमार, जगजीवन राम, राजकुमार सिंह सेंगर, संदीप गुप्ता, महेश गुप्ता, दिनेश शर्मा, राणा प्रताप सिंह, हिमांशु आदि मौजूद रहे।
संकल्प, ध्येयनिष्ठा, परिश्रम से करना चाहिए कार्य
बदायूं। शिवदेवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में चल रहे इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य परिषद के सम्मेलन का भी समापन हो गया। प्रांत प्रचारक दिनेश ने कहा कि विद्यालय का कार्य संकल्प, ध्येय निष्ठा, परिश्रम से करना चाहिए। बैठक में रामनिवास राजपूत, ख्यालीराम, सुरेश चंद्र सक्सेना, वीरेंद्र झा, बाबू अम्बा सहाय आदि मौजूद रहे।
दो दिन रहेगा अवकाश
बदायूं। प्रधानाचार्य रामनिवास राजपूत ने बताया कि शिवदेवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य वार्षिक कार्ययोजना बैठक के कारण 20 अप्रैल को शिक्षण कार्य बाधित रहेगा। वहीं 21 अप्रैल को परशुराम जयंती के अवसर पर अवकाश रहेगा। 22 अप्रैल से विधिवत स्कूल खोल जाएगा।