हादसे के बाद पुलिस के कब्जे में रोडवेज बस। संवाद
- फोटो : 1
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह कचहरी मार्ग पर जिला अस्पताल के सामने रोडवेज बस ने युवक मूलचंद्र (45) को टक्कर मारकर कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गांव शेखूपुर निवासी मूलचंद्र की पत्नी जिला अस्पताल में भर्ती हैं, वह उन्हीं का यहां रहकर इलाज करा रहे थे। हादसे के बाद रोडवेज चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने बस कब्जे में ले ली है।
गांव शेखूपुर निवासी सोनू ने बताया कि मूलचंद्र की पत्नी शकुंतला बुधवार की रात घर पर पैर फिसलने से गिर गई थीं। इससे उनके चोट लग गई थी। इलाज के लिए मूलचंद्र पत्नी को जिला अस्पताल लेकर आए थे। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी पत्नी को भर्ती कर लिया था। भर्ती के दौरान वह ही उनकी देखभाल कर रहे थे।
बृहस्पतिवार की सुबह वह जिला अस्पताल से बाहर बीड़ी का बंडल लेने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिला अस्पताल के सामने रोड पार करते समय तेज गति से आई रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने उनकी हालत देखते हुए उनको हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रेफर होने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पत्नी के चोट लगने के बाद हादसे में पति की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मूलचंद्र के दो बेटे और पांच बेटियां हैं। गांव में सूचना देने के बाद अस्पताल में भर्ती शकुंतला की देखरेख के लिए अन्य परिजन पहुंच गए।
सीओ सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। हादसे की जांच कराई जा रही है। परिजनोंं की ओर से तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद पुलिस के कब्जे में रोडवेज बस। संवाद- फोटो : 1
हादसे के बाद पुलिस के कब्जे में रोडवेज बस। संवाद- फोटो : 1