इस्लामनगर। बंदरों के हमले में छत से गिरकर घायल युवक की इलाज के नवें दिन मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के कुंदावली निवासी सरबजीत (42) पुत्र सोहनलाल 31 अगस्त को अपने घर की छत पर सो रहे थे। रात करीब तीन बजे बंदरों के एक झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। घबराकर वह छत से गिरकर घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए चंदौसी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार दोपहर उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी प्रेमलता ने घटना के संबंध में थाना पुलिस को तहरीर दी।
परिजनों ने बताया कि सरबजीत के पांच बेटे हैं, जिसमें बड़ा बेटा लगभग 22 वर्ष का है। वे दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत से परिवार में मातम का माहौल है। सीओ आलोक सिद्धू ने अनुसार परिजनों की तहरीर पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है, मामले की जांच की जा रही है।