बदायूं के उझानी में कानों में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहल रहा युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव देर रात तक ट्रैक पर ही पड़ा रहा। बरेली-कासगंज फास्ट पैसेंजर के चालक ने ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी तो जीआरपी ने शव कब्जे में ले लिया। उसकी शिनाख्त 24 वर्षीय अजय कश्यप के रूप में उस वक्त हुई, जब पिता ने उसके फोन पर कॉल की।
श्रीनारायणगंज मोहल्ला निवासी मृतक अजय पुत्र राजेश कश्यप एक प्राइवेट दुकान पर नौकरी करता था। वह रोजाना शाम को रेलवे स्टेशन पर टहलने जाता था। बुधवार देर शाम भी वह टहलने के लिए निकला लेकिन प्लेटफार्म की बजाय ट्रैक नंबर-तीन के रास्ते आउटर की तरफ बढ़ गया। उसी दौरान बरेली की ओर से आई मालगाडी की चपेट में आ गया।
कानों में लगा था ईयरफोन
देर रात करीब 11 बजे बरेली-कासगंज फास्ट पैसेंजर के चालक ने स्टेशन मास्टर नीलेश कुमार को ट्रैक पर शव पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद जीआरपी की चौकी के इंचार्ज सत्यपाल सिंह ने शव कब्जे में ले लिया। चौकी इंचार्ज के मुताबिक मृतक के कानों में ईयरफोन लगा हुआ था। माना जा रहा है कि वह टहलते समय गाने सुन रहा होगा, जिससे उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी होगी
मृतक के पिता राजेश ने बताया कि अजय रात में घर नहीं लौटा तो आसपास इलाके में खोजबीन की। परिवार के लोग शाम को स्टेशन पर गए, लेकिन कोई पता नहीं लगा। सुबह करीब पांच बजे राजेश ने बेटे के फोन पर कॉल की तो चौकी इंचार्ज ने फोन रिसीव किया। चौकी इंचार्ज ने उसे बेटे की मौत के बारे में बताया। इसके बाद परिवार के लोग चौकी पर पहुंचे। जीआरपी ने शुक्रवार अपराह्न पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अविवाहित था।