एंबुलेंस में युवक का शव लेकर पहुंचे थे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र के ननाखेड़ा गांव में करीब एक महीने पहले आग से झुलसे युवक शिवा कश्यप की बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। कछला पहुंचे परिजनों ने शव पुलिस चौकी के सामने रखकर हंगामा किया। मृतक के पिता ने तीन में से सिर्फ एक ही आरोपी पर कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल भी उठाया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया।
शिवा कश्यप (18) कोतवाली क्षेत्र के गांव ननाखेड़ा का निवासी था। उसकी 23 जनवरी शाम को बाइक सवार कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भूडा भदरौल की मढइयां निवासी वीरपाल से पेट्रोल डलवाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि कहासुनी के दौरान वीरपाल ने पेट्रोल भरी बोतल शिवा के ऊपर उड़ेल कर माचिस की तीली जलाकर फेंक दी थी। आग से शिवा बुरी तरह झुलस गया था। आगरा के निजी अस्पताल में शिवा का उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। शिवा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
चौकी के सामने शव रखकर किया हंगामा
परिवार के लोग शिवा का शव घर ले जाने की बजाय कछला पुलिस चौकी पर पहुंच गए। शव पुलिस चौकी के सामने रखकर हंगामा कर दिया। मृतक के पिता राजवीर कश्यप ने बताया कि पुलिस को तीन आरोपियों के नाम बताए थे, लेकिन रिपोर्ट में वीरपाल के अलावा बाकी के दो आरोपियों के नाम नहीं बढ़ाए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को साजिश के तहत बचा लिया।
करीब एक घंटे तक अफरातफरी के माहौल के बीच इस आश्वासन पर शव कब्जे में ले गया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मृतक के परिजनों ने कोतवाली आकर भी चौकी के पुलिसकर्मियों की शिकायत की। बता दें कि घटना के अगले दिन ही पुलिस ने नामजद वीरपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह इस वक्त जेल में बंद है।