कुपोषण के संबंध में बैठक लेती डीएम दीपा रंजन। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिले में काफी संख्या में बच्चे कुपोषण का शिकार है। हालात ये है कि प्रदेश के अति कुपोषित, कम वजन, बौने बच्चों की श्रेणी में जिले के छह ब्लॉक भी शामिल हो गए हैं। शासन से ब्लॉकों की लिस्ट जारी होने के बाद में डीएम ने अधिकारियों के साथ में बैठक ली। इसमें कहा कि जल्द से जल्द बच्चों को कुपोषण, कम वजन से बाहर लाएं और उन्हें सामान्य बच्चों की श्रेणी में शामिल कराएं।
शासन द्वारा प्रदेश के 75 जिले से 100 ऐसे ब्लॉकों का चिह्नांकन किया है, जहां पर गंभीर कुपोषित, मध्यम कुपोषित, कम वजन और बौने बच्चों की संख्या ज्यादा है। शासन द्वारा जारी लिस्ट में बदायूं जिले के भी छह ब्लॉक इसमें शामिल है। इसमें अंबियापुर, उसावां, आसफपुर, कादरचौक, वजीरगंज व सालारपुर है। इसको लेकर डीएम दीपा रंजन ने सीडीओ ऋषिराज, पीडी डीआरडीए अनिल कुमार, डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार, सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय व डीपीओ तरुण वर्मा के साथ बैठक की।
डीएम ने निर्देश दिए है कि पोषण मिशन के तहत कुपोषित बच्चों को कुपोषण से बाहर लाने के लिए टीम लगाई जाए। गांव में जागरूकता व स्वास्थ्य कैंप आयोजित कर कुपोषित बच्चों के परिवारों को जागरूक करते हुए उनका स्वास्थ्य परीक्षण करें। उनको राशन दिलवाया जाए। वहीं सीएमओ प्रदीप वार्ष्णेय को निर्देश दिए हैं कि शिविर के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनाने की गति बढ़ाई जाए।