बिसौली (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर ग्राम कालूपुर के नजदीक मिनी ट्रक की टक्कर से 40 वर्षीय प्रेमवती की मौत हो गई। उसका पति घायल हो गया। दोनों लोग बुआ के घर देवी जागरण में शामिल होने जा रहे थे।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी निवासी ऋषिकांत उपाध्याय, उनकी पत्नी प्रेमवती और भाई शशिकांत उपाध्याय बृहस्पतिवार शाम बाइक से अपनी बुआ के घर कुनार गांव देवी जागरण में जा रहे थे। परिवार वालों के मुताबिक उनकी बाइक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर ग्राम कालूपुर के नजदीक पहुंची थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए मिनी ट्रक की जोरदार टक्कर लग गई।
हादसे में शशिकांत बाल-बाल बच गए, लेकिन ऋषिकांत और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां प्रेमवती को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने महिला का शव मोर्चरी में रखवा दिया है। ऋषिकांत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।