दातागंज। गांव गलौथी में मलेरिया संक्रमित महिला ज्ञान देवी (35) की मंगलवार को मौत हो गई। गांव में करीब 30 लोग बुखार से तप रहे हैं। ग्रामीणों की मानें तो 15 दिन में यह चौथी मौत है। तीन मौतें बुखार से हुई है, जबकि चौथी मलेरिया संक्रमण से हुई है। सूचना मिलते ही प्रभारी चिकित्साधीक्षक रितेश भसीन ने टीम को गांव भेजकर बुखार पीड़ित लोगों की जांच कराई है।
कस्बे से दो किलोमीटर दूर इस गांव में 15 अगस्त को पहलवान (58) की बुखार से मौत हो गई थी। 18 को सुंदर लाल की बुखार से जान चली गई थी। वहीं, 19 अगस्त को ब्रजनंदन ने भी बुखार होने से दम तोड़ दिया था। मंगलवार को ज्ञान देवी की मलेरिया संक्रमण से मौत सामने आई है। गावं में सफाई व्यवस्था चौपट है। सफाई कर्मचारी न आने से गंदगी के अंबार लगे हुए हैं।
चिकित्साधीक्षक रितेश भसीन ने बताया कि ज्ञान देवी पांच दिन पहले सीएचसी पर आई थीं। मलेरिया जांच कराई तो वह संक्रमित पाई गईं। प्लेटलेट्स 18 हजार थीं। परिजनों को बरेली ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन वे नहीं ले गए। इससे उनकी मौत हो गई।
सीएमओ ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर बुखार के सभी मरीजों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी ने टीम भेजकर फॉगिंग कराई है। वहीं एटी लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया।
पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। मलेरिया संक्रमित पाए जाने पर मरीज को भर्ती क्यों नहीं किया गया। जिला अस्पताल क्यों नहीं भेजा गया। परिवार वाले भर्ती नहीं करा रहे थे उच्चाधिकारियों को अवगत कराना चाहिए था, लेकिन नहीं कराया गया। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ