इस्लामनगर। कंदरपुर मढ़ी मंदिर के महंत ह्दयदास जी महाराज की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल बरामद किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से पुलिस अभिरक्षा में उसे जेल भेजा गया।
कंदरपुर के रहने वाले पुजारी ह्दयदास महाराज कई सालों से मंदिर में रह रहे थे। रविवार की रात को गांव का ही रहने वाला मोनू पुत्र भूदेव उर्फ चंगा नशे की हालत में मंदिर में घुसकर पुजारी से गाली-गलौज करने लगा। पुजारी ने मोनू को मंदिर से बाहर निकाल दिया तो इसी बात से नाराज होकर मोनू पास की दुकान से लोहे का पाइप निकाल कर ले आया और पुजारी के सिर पर वार कर दिए। जिससे उनको गंभीर चोटें आई। गांव के लोग बचाने को दौड़े तो मोनू जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। गंभीर हालत में बाबा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को उन्हें सेफई रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही बाबा की मौत हो गई। थाना पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल लोहे का पाइप बरामद करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर नरेश कुमार सिंह का कहना है कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।