बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि रिश्वत की मांग पूरी न होने पर प्रेम विवाह के बाद उसकी पत्नी को मायके वालों को सुपुर्द कर दिया है। इस संबंध में युवक का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। युवक ने पुलिस के रुपये मांगने का ऑडियो होने का दावा किया है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वजीरगंज क्षेत्र के एक गांव के युवक ने बीते दिनों गाजियाबाद में एक युवती से शादी कर ली थी। युवक का आरोप है कि युवती को उसके साथ भेजने के लिए वहां के एक दरोगा ने एक लाख रुपये की मांग की थी। मांग पूरी न करने पर लड़की को उसकी बिना मर्जी के घरवालों के साथ भेज दिया। युवक ने पुलिस से कोर्ट में बयान दर्ज कराने की मांग की थी।
युवक बोला- प्रेमिका बालिग है
उसका आरोप है कि रुपये मांगने का उसके पास ऑडियो भी है, लेकिन पुलिस ने युवती के बयान दर्ज नहीं कराए। बताया कि उसकी शादी रीति-रिवाज के साथ विधिवत हुई है। उसके पास इसका प्रमाण भी है। उसने अपनी जानमाल की सुरक्षा को पुलिस से गुहार भी लगाई है। युवक का कहना है कि उसकी प्रेमिका बालिग है।
युवती के पिता ने थाने में 13 जुलाई को अपनी लड़की को नाराज होकर कहीं चली जाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वापस आने पर लड़की ने थाने में आकर प्रार्थना पत्र में कहा कि वह अपनी मर्जी से नाराज होकर चली गई थी।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है युवक के आरोप गलत है। युवती अपने घर से नाराज होकर गई थी। उसके पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आरोप लगाने वाला युवक थाने तक नहीं आया है, उसे देखा भी नहीं है। फिर भी जांच की जा रही है, इसके बाद ही किसी परिणाम पर पहुंचा जाएगा।